कानून व्यवस्था व आपात स्थितियों में पुलिस बल की त्वरित और सुरक्षित तैनाती होगी आसान
टीकमगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल की त्वरित व सुरक्षित तैनाती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा टीकमगढ़ जिले को 25+1 सीटर नई बस उपलब्ध कराई गई है। इस बस की अनुमानित लागत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। दिनांक 16 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में नवीन बस का विधिवत वाहन पूजन कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस में उपलब्ध आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, खिड़कियों पर लगी सुरक्षा जाली, एयर कंडीशनिंग सुविधा तथा पुलिस बल के उपकरण व अन्य आवश्यक सामग्री रखने की पर्याप्त व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने जिले के पुलिस बल के साथ नई बस में सवार होकर शहर भ्रमण किया, जिससे बस की कार्यक्षमता, सुरक्षा और आवागमन की सुविधाओं का प्रत्यक्ष अनुभव किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह बस विशेष रूप से कानून व्यवस्था ड्यूटी, भीड़ नियंत्रण, विशेष अभियानों और आपातकालीन स्थितियों में बड़ी संख्या में पुलिस बल को सुरक्षित व समय पर तैनात करने के लिए उपलब्ध कराई गई है। नई बस के शामिल होने से पुलिस बल का आवागमन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित होगा, जिससे जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में और अधिक प्रभावी योगदान मिलेगा। नई सुविधा मिलने पर टीकमगढ़ पुलिस बल में उत्साह देखा गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस बस के माध्यम से ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के साथ-साथ कार्य क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।