मुख्य समाचार

खेलने गया था बेटा, लौटी लाश

Spread the love



क्रिकेट विवाद में उजड़ी खुशियां

टीकमगढ़ – जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मातोल में रविवार सुबह क्रिकेट खेलते समय हुआ विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया। गौशाला के पास बने मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवकों के बीच हुए झगड़े में 23 वर्षीय बलराम उर्फ बालादीन अहिरवार पर क्रिकेट बैट से बेरहमी से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल बलराम की झांसी रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच गांव के मैदान में क्रिकेट खेला जा रहा था। इसी दौरान खेल को लेकर बलराम का गांव के ही विकास अहिरवार और एक नाबालिग से विवाद हो गया। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में हिंसा में बदल गई। आरोप है कि विकास अहिरवार और नाबालिग ने मिलकर बलराम के सिर पर लगातार क्रिकेट बैट से वार किए, जिससे उसका सिर फट गया और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन झांसी पहुंचने से पहले ही रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव को वापस जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ लेकर आए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र घोष ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में विकास अहिरवार सहित एक नाबालिग द्वारा मृतक के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला किया गया था। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हुई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।


Spread the love
RC News Update