मुख्य समाचार

भीषण सड़क हादसा : बोलेरो–बाइक की टक्कर के बाद आग का तांडव, युवक की दर्दनाक मौत

Spread the love


टीकमगढ़ |
जिले के बड़ागांव–ककरवाहा मार्ग पर सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने से हुई बोलेरो और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार लोग वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हादसा बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरी तिगैला के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही पलों में दोनों वाहनों ने आग पकड़ ली। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक सवार को बचाया नहीं जा सका।
मृतक की पहचान रामदीन अहिरवार (26) के रूप में हुई है, जो राशनखेरा गांव का निवासी था। परिजनों के अनुसार वह ट्रैक्टर की किस्त जमा करने टीकमगढ़ गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
पुलिस के मुताबिक, बोलेरो ककरवाहा की ओर से बड़ागांव जा रही थी। टक्कर के बाद उसमें सवार सभी लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव भेज दिया है।
वहीं, फरार बोलेरो सवारों की तलाश तेज कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।


Spread the love
RC News Update