जमीनी विवाद में खूनी खेल: खरगापुर में शिक्षा विभाग के क्लर्क की फावड़े से मारकर हत्या

जमीनी विवाद में खूनी खेल: खरगापुर में शिक्षा विभाग के क्लर्क की फावड़े से मारकर हत्या
वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर , पुलिस को घटना की जानकारी दी।
खरगापुर (टीकमगढ़) |
टीकमगढ़ जिले के खरगापुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम जमीनी विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जिसमें शिक्षा विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी ने न केवल फावड़े से हमला कर युवक की जान ली, बल्कि शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस थाने पहुंचकर पुलिस को बताया
प्लॉटिंग की जमीन को लेकर था पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक सुनील रूसिया ने करीब दो साल पहले खरगापुर-बल्देवगढ़ मार्ग पर तुलसीघाट के पास जमीन खरीदकर प्लॉटिंग की थी। इस जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर आरोपी सुरेंद्र यादव से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार शाम इसी विवाद को सुलझाने के लिए सुनील को मौके पर बुलाया गया था, जहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।
सिर पर वार कर कुएं में फेंका शव
बहस के दौरान तैश में आकर सुरेंद्र यादव ने पास रखे फावड़े से सुनील के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि सुनील ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आरोपी ने इसके बाद शव को पास के कुएं में फेंक दिया और ऊपर से पत्थर भी बरसाए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधा थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
आक्रोश: सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर रात खरगापुर थाने के सामने शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बयान
”आरोपी सुरेंद्र यादव को हिरासत में ले लिया गया है। कुएं से शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी।”
—
मृतक सुनील रूसिया अपने पीछे दो बच्चे और एक छोटा भाई छोड़ गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर संपत्ति विवादों में बढ़ती हिंसा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



