स्कूल परिसर में सांप निकलने से मची अफरा-तफरी, 11वीं के छात्र को डसा
टीकमगढ़ जिले के खरगापुर नगर परिषद क्षेत्र स्थित.संदीपनी (सीएम राइज) स्कूल में शुक्रवार को एक गंभीर घटना सामने आई, जब स्कूल परिसर में सांप निकल आया और उसने एक छात्र को डस लिया। घटना के बाद स्कूल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को फिलहाल सामान्य बताया है।
जानकारी के अनुसार कक्षा 11वीं में अध्ययनरत छात्र नरेश प्रजापति रोज की तरह सुबह स्कूल पहुंचा था। उस समय क्लासरूम की सफाई का कार्य चल रहा था, जिसके चलते वह जूते उतारने के लिए कक्षा के बाहर खड़ा था। इसी दौरान जैसे ही उसने दरवाजे को सहारे के लिए हाथ लगाया, दरवाजे और दीवार के बीच बनी दरार में छिपे सांप ने अचानक उसे काट लिया।
सांप के डसते ही छात्र घबरा गया और उसने तुरंत शिक्षकों को इसकी सूचना दी। स्कूल प्रबंधन ने बिना समय गंवाए छात्र को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने सांप को पकड़कर मार दिया, जिससे किसी अन्य को नुकसान न पहुंचे।
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एहतियातन छात्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका विस्तृत परीक्षण किया गया और इलाज के लिए भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्र की हालत स्थिर है, वह पूरी तरह होश में है और बातचीत कर रहा है। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए उसे कुछ समय तक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है, साथ ही आवश्यक दवाइयां और इंजेक्शन भी दिए जा रहे हैं।


